क्षेत्रीय
14-May-2026
...


- तीनों SDM समेत सभी तहसीलदारों को नोटिस मुंगेली (ईएमएस)। जिले में राजस्व प्रकरणों के निराकरण में हो रही देरी पर कलेक्टर कुंदन कुमार ने नाराजगी जताते हुए सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई के निर्देश देते हुए तीनों एसडीएम, सभी तहसीलदार, एएसएलआर और एसएलआर को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। कलेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि राजस्व मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों का निराकरण अगले एक सप्ताह के अंदर अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा। जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर कुंदन कुमार ने अनुविभागवार विवादित एवं अविवादित नामांतरण, बंटवारा तथा सीमांकन प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। कई प्रकरणों में अत्यंत धीमी गति से काम होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को जिम्मेदारी से काम करने की कड़ी चेतावनी दी। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व विभाग सीधे आम जनता से जुड़ा हुआ है। इसलिए नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें और तय समय-सीमा के भीतर उनका निपटारा सुनिश्चित करें। राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लापरवाही पाए जाने पर किसी भी स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में लंबित मामलों के तेजी से निराकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पांडे तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित राजस्व विभाग के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। - (ईएमएस) 14 मई 2026