क्षेत्रीय
14-May-2026
...


जांजगीर-चांपा(ईएमएस) । जिले के ग्राम भवंतरा में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का खुलासा गुरुवार सुबह उस समय हुआ, जब निर्माणाधीन मकान पर काम करने पहुंचे एक मिस्त्री ने चारों लोगों को खाट पर बेसुध हालत में पड़ा देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी लोग निर्माणाधीन मकान में काम से जुड़े हुए थे और वहीं अस्थायी रूप से रह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम सरपंच राजाराम कश्यप ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने मामले में एक संदेही को हिरासत में लिया है, जो मृतकों का रिश्तेदार बताया जा रहा है। उससे पूछताछ जारी है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद गांव में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मई 2026