गुना (ईएमएस)। जिले के म्याना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नसीरा में बुधवार दोपहर एक 24 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या और दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतका भावना यादव पत्नी गिर्राज यादव निवासी ग्राम नसीरा की शादी करीब दो वर्ष पहले ग्राम सिरनी थाना कदवाया जिला अशोकनगर से हुई थी। मृतका के भाई सुनील यादव बुधवार दोपहर अपनी बहन को लेने नसीरा गांव पहुंचे थे। आरोप है कि जब वह बहन को लेकर घर से निकल रहे थे, तभी ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। सुनील यादव ने बताया कि उनकी शर्ट फाड़ दी गई तथा गर्दन पर हमला किया गया। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। भाई के अनुसार इसी दौरान ससुराल पक्ष भावना को घर के अंदर ले गया। करीब 10-15 मिनट बाद परिजनों ने बताया कि भावना ने कोई गोली खा ली है और उसकी तबीयत बिगड़ गई है। मायके पक्ष का आरोप है कि उन्होंने तुरंत अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन काफी देर तक ससुराल पक्ष ने उन्हें जाने नहीं दिया। बाद में ग्रामीणों की समझाइश पर मोटरसाइकिल से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भावना को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल में गुरुवार को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे परिजनों का आक्रोश फूट प़ा। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि भावना की हत्या गला दबाकर या पत्थर मारकर की गई है। उनका कहना है कि शादी में करीब 18 लाख रुपये खर्च किए गए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। परिजनों ने दहेज मांग से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।_सीताराम नाटानी