- दिसंबर तक परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश रायपुर (ईएमएस)। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से राजेश मूणत ने ठक्कर बाबा वार्ड का दौरा कर निर्माणाधीन पानी टंकी और महतारी सदन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि दोनों परियोजनाएं दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण होकर जनता को समर्पित की जाएं। निरीक्षण के दौरान विधायक मूणत ने पानी टंकी परियोजना की तकनीकी व्यवस्था और जल वितरण प्रणाली पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से विस्तृत “प्रोग्राम चार्ट” प्रस्तुत करने को कहा, जिसमें पानी भरने की प्रक्रिया, समय-सारणी और जल स्रोतों की उपलब्धता की पूरी जानकारी शामिल हो। साथ ही वार्ड के सभी घरों तक समान दबाव के साथ पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन नेटवर्क की मैपिंग और तकनीकी खाका भी तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल आपूर्ति शुरू होने के बाद क्षेत्रवासियों को पेयजल के लिए परेशान नहीं होना चाहिए और इसके लिए पूरी तरह प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। निर्माणाधीन महतारी सदन का निरीक्षण करते हुए विधायक राजेश मूणत ने कहा कि यह भवन क्षेत्र की महिलाओं के सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को फिनिशिंग कार्य में तेजी लाने और भवन को सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित करने के निर्देश दिए, ताकि महिलाओं को बैठकों और कार्यक्रमों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान मिल सके। विधायक मूणत ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया निर्माण सामग्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गुणवत्ता में कोई कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो बार निर्माण स्थल का निरीक्षण करने और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। विधायक ने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा के सभी वार्डों में इसी तरह विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने ठक्कर बाबा वार्ड में पानी की समस्या के स्थायी समाधान और महतारी सदन को क्षेत्र के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौर , जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और वार्ड के पार्षद मौजूद रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। - (ईएमएस) 14 मई 2026