क्षेत्रीय
14-May-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। रायपुर के बिरगांव नगर पालिका निगम क्षेत्र में एक नवजात शिशु का शव नाली में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला उरला थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 24 का है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह कुछ राहगीर नाली के किनारे से गुजर रहे थे। उन्होंने कपड़े में लिपटा एक पैकेट देखा। करीब जाकर देखने पर पता चला कि उसमें एक नवजात शिशु का शव है। सूचना मिलते ही आसपास भीड़ जुट गई और लोगों ने तुरंत उरला थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि किसी ने जन्म के तुरंत बाद बच्चे को नाली में फेंक दिया। हालांकि, बच्चा मृत पैदा हुआ था या जन्म के बाद उसकी मौत हुई, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही इलाके के अस्पतालों, निजी क्लीनिकों और स्थानीय दाइयों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का प्रयास यह पता लगाने का है कि नवजात शिशु को कौन व्यक्ति या व्यक्ति ने यहां छोड़ा। गौरतलब है कि करीब 6 महीने पहले रायपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल मेकाहारा के कचरे के डिब्बे में एक भ्रूण मिला था। उस मामले में दो महिलाएं और दो पुरुष स्कूटी से अस्पताल परिसर में आए थे, जिनमें से कुछ ने बुर्का पहना हुआ था। सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मई 2026