राज्य
14-May-2026


- चांपा में ब्लॉक के कारण रद्द हुईं कई सुपरफास्ट ट्रेनें जमशेदपुर (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन के अंतर्गत आने वाले चांपा स्टेशन पर बुनियादी ढांचे के विस्तार हेतु बड़ा निर्णय लिया गया है। यहाँ रेल नेटवर्क को सशक्त बनाने के लिए चौथी लाइन को मुख्य लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाना है। इस तकनीकी उन्नयन और विकास कार्य के चलते जून 2026 के दूसरे और तीसरे सप्ताह में रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित रहेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस मेगा ब्लॉक के कारण झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बीच चलने वाली कई प्रमुख एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है, जिसमें से 180 किलोमीटर का हिस्सा पहले ही पूरा किया जा चुका है। अब चांपा स्टेशन पर शेष महत्वपूर्ण जुड़ाव का कार्य 7 जून से 19 जून 2026 तक निर्धारित है। इस कार्य का सीधा असर टाटानगर और आरा-बक्सर रूट की ट्रेनों पर पड़ेगा। टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस (18113/18114) और टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस (18109/18110) को 19 जून तक के लिए पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। वहीं, बिहार के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण साउथ बिहार एक्सप्रेस (दुर्ग-आरा) भी 10 से 16 जून के बीच अलग-अलग तिथियों पर निरस्त रहेगी। इसके अतिरिक्त बिलासपुर-बक्सर और पटना-बिलासपुर एक्सप्रेस के परिचालन पर भी गाज गिरी है। लंबी दूरी के यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ने वाली हैं, क्योंकि इस ब्लॉक के दायरे में हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस (ऋषिकेश-पुरी), हटिया-पुणे एक्सप्रेस और हीराकुंड एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें भी शामिल हैं। शालीमार-भुज, पुरी-जोधपुर और एलटीटी-गया एक्सप्रेस को भी रद्द की गई सूची में रखा गया है। हालांकि रेलवे प्रशासन का तर्क है कि इस कार्य के संपन्न होने के बाद भविष्य में ट्रेनों की गति और समयबद्धता में सुधार होगा, लेकिन फिलहाल भीषण गर्मी के इस मौसम में हजारों यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ सकती है या वैकल्पिक साधनों की तलाश करनी होगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन निकलने से पहले आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ केंद्र से अपनी ट्रेन की स्थिति सुनिश्चित कर लें। रामयश/ईएमएस 14 मई 2026