क्षेत्रीय
14-May-2026


धमतरी(ईएमएस)। जिले में जनता यूनियन ने विद्युत कर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर धमतरी, कुरूद और सिहावा के विधायकों को आवेदन सौंपा। यूनियन ने विद्युत कर्मियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने सहित कई लंबित मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की है। यूनियन ने कहा कि 10 वर्ष से अधिक सेवा दे चुके संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए, समान काम के लिए समान वेतन लागू हो तथा रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती की जाए। इसके साथ ही ठेका प्रथा को समाप्त करने की भी मांग उठाई गई है। धमतरी संभाग का प्रतिनिधि मंडल प्रांतीय प्रचार सचिव अशोक कुमार वर्मा के नेतृत्व में विधायक ओंकार साहू से मिला। प्रतिनिधिमंडल में संदीप मेश्राम, प्रकाश कुमार साहू, सुभाष साहू और हितेंद्र दुबे शामिल थे। यूनियन का कहना है कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा राज्य के शासकीय कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू की गई थी, लेकिन विद्युत मंडल प्रबंधन ने इस आदेश का पालन नहीं किया, जिसके कारण कर्मियों को अब तक इसका लाभ नहीं मिल पाया है। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि संविदा कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है और कई वर्षों से सेवा देने के बावजूद उन्हें नियमित नहीं किया गया है। वहीं, ठेका प्रथा के तहत काम कराकर स्थायी भर्तियों में कमी की जा रही है। विधायक ओंकार साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे विधानसभा में उठाने का आश्वासन दिया। इससे पहले यूनियन ने पूर्व विधायक अंबिका मरकाम को भी ज्ञापन सौंपा था। साथ ही कान्हा कौशिक के नेतृत्व में नगरी, सिहावा, गट्टासिल्ली, सांकरा और बेलरगांव के उपसंभागों एवं वितरण केंद्रों के कर्मचारी भी शामिल हुए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मई 2026