क्षेत्रीय
14-May-2026


धमतरी(ईएमएस)। जिले के युवाओं को भविष्य की आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और उन्हें रोजगारोन्मुख एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) कौशल उन्नयन पाठ्यक्रम प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन किया गया। कलेक्टर अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को एआई और डिजिटल तकनीकों के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। आज के डिजिटल युग में एआई तेजी से विकसित होने वाली और अत्यधिक मांग वाली तकनीकों में शामिल हो चुका है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। यह परीक्षा धमतरी स्थित पीजी कॉलेज के आईटी भवन में आयोजित हुई, जिसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा में कुल 166 विद्यार्थियों ने सहभागिता की, जिनमें 107 ने ऑफलाइन और 59 ने ऑनलाइन परीक्षा दी। चयनित विद्यार्थियों को आगे विशेष एआई स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम से जोड़ा जाएगा, जिसका संचालन बेंगलुरु की प्रतिष्ठित संस्था लर्न जॉय द्वारा किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में एआई वीडियो जनरेशन, वेबसाइट डेवलपमेंट, एआई एजेंट्स निर्माण, ऑटोमेशन टूल्स, डिजिटल प्रोडक्टिविटी, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग सहित आधुनिक तकनीकी कौशल सिखाए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को रोजगार, इंटर्नशिप, फ्रीलांसिंग, डिजिटल उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रैक्टिकल और इंडस्ट्री-ओरिएंटेड लर्निंग प्रदान की जाएगी, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध डिजिटल अवसरों का लाभ उठा सकें। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि आने वाला समय एआई और डिजिटल टेक्नोलॉजी का है। यदि युवाओं को समय पर सही प्रशिक्षण दिया जाए तो वे न केवल रोजगार प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से रोजगार सृजनकर्ता भी बन सकते हैं। जिला प्रशासन का लक्ष्य युवाओं को वैश्विक स्तर की स्किलिंग उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार हो सकें। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मई 2026