क्षेत्रीय
14-May-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र अंतर्गत सरोरा इलाके में पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक रूप ले लिया। मजदूर नगर में रहने वाले एक युवक की उसके ही जीजा ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर जानकारी दी और मौके पर पहुंची टीम के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गिरधर गोपाल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम प्रकाश साहू बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि प्रकाश पिछले लगभग तीन वर्षों से अपनी ससुराल में रह रहा था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ससुराल में रहने को लेकर अक्सर ताने और आपसी कहासुनी की स्थिति बनी रहती थी। बुधवार रात करीब 9 बजे दोनों ने साथ बैठकर शराब पी, जिसके बाद पुरानी रंजिश और विवाद फिर से भड़क उठा। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर प्रकाश साहू ने चाकू से गिरधर गोपाल पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और बिना विरोध के गिरफ्तारी दे दी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मानसिक तनाव से गुजर रहा था और ससुराल पक्ष से उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच उरला थाना पुलिस द्वारा जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मई 2026