गुना (ईएमएस)। देश के प्रधानमंत्री द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत और फिजूलखर्ची रोकने के आह्वान से प्रेरणा लेकर गुना नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह सलूजा ने एक नई मुहिम शुरू की है। उन्होंने इस संबंध में जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर जिले में शासकीय वाहनों के उपयोग में कटौती करने और युवाओं से महीने में 8 दिन फोर-व्हीलर का उपयोग न करने का अनूठा सुझाव दिया है। शासकीय काफिलें में कटौती और इलेक्ट्रिक वाहनों पर जोर पूर्व विधायक सलूजा ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने अपने काफिलों को छोटा कर मितव्ययिता का संदेश दिया है, उसी तर्ज पर गुना जिला प्रशासन को भी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि विभिन्न विभागों में किराए पर लगे डीजल-पेट्रोल वाहनों की संख्या सहानुभूतिपूर्वक कम की जाए और उनके स्थान पर इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही, शासकीय वाहनों का उपयोग केवल अति आवश्यक होने पर ही करने का सुझाव दिया है। ऑनलाइन बैठकों और युवाओं से विशेष अपील ईंधन बचाने के लिए सलूजा ने सुझाव दिया कि जिला मुख्यालय से होने वाली सभी महत्वपूर्ण बैठकों को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ऑनलाइन (Virtual) संचालित करें, जिससे अधिकारियों के वाहनों का आवागमन और ईंधन खर्च कम हो सके। उन्होंने गुना के युवाओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न क्लबों से भी अपील की है कि वे प्रधानमंत्री की इस मुहिम को आगे बढ़ाएं और महीने में कम से कम कुछ दिन निजी फोर-व्हीलर वाहनों का उपयोग स्वेच्छा से बंद कर पर्यावरण और अर्थव्यवस्था में सहयोग दें। सलूजा का मानना है कि यदि गुना जिला प्रशासन इस दिशा में शुरुआत करता है, तो पूरे मध्यप्रदेश में एक सकारात्मक संदेश जाएगा। _-सीताराम नाटानी