राज्य
14-May-2026


- गांवों में दहशत का माहौल, कई घायल और फसलें बर्बाद जमशेदपुर (ईएमएस)। झारखंड के कोल्हान क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक चरम पर पहुंच गया है, जिससे जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों में हाहाकार मचा है। चांडिल, ईचागढ़, कुकडू और घाटशिला जैसे प्रखंडों में हाथियों के झुंड रात के अंधेरे में बस्तियों में घुसकर भारी तबाही मचा रहे हैं। कहीं 20 से 25 हाथियों का विशाल झुंड सक्रिय है, तो कहीं अकेला हाथी घरों को निशाना बना रहा है। इस स्थिति ने ग्रामीणों को खौफ के साए में जीने पर मजबूर कर दिया है और वे अपनी जान-माल की रक्षा के लिए रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं। हालिया घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आदरडीह चौका गांव में एक हाथी ने ग्राम प्रधान के घर की दीवार ढहा दी और अनाज बर्बाद कर दिया, जिसमें एक महिला मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, डाइनमारी गांव में भी हाथियों के झुंड ने एक घर को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे एक अन्य महिला घायल हुई है। हाथियों ने खेतों में लगी गरमा धान और सब्जियों की खड़ी फसल को रौंद डाला है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वन विभाग की सुस्ती से नाराज ग्रामीणों ने अब हाथियों को आबादी से दूर खदेड़ने और मुआवजे की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए ठोस सरकारी हस्तक्षेप की तत्काल आवश्यकता महसूस की जा रही है। रामयश/ईएमएस 14 मई 2026