नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली कैंट में अब सड़क किनारे गलत पार्किंग करना महंगा पड़ेगा। कैंट बोर्ड ने अवैध पार्किंग पर लगाम कसने के लिए नई टोइंग नीति लागू की है। दिल्ली कैंट इलाके में अगर आप भी सड़क किनारे अपनी कार या बाइक पार्क करके घंटों के लिए भूल जाते हैं, तो अब सावधान हो जाइए। मनमानी पार्किंग करने वालों की मुश्किलें अब बढ़ने वाली हैं। सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर ट्रैफिक जाम बढ़ाने वालों पर कैंट बोर्ड ने बेहद सख्त रुख अपना लिया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद, आपकी एक छोटी सी गलती आपको हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान करा सकती है। कैंट क्षेत्र के सदर बाजार, गोपीनाथ बाजार और शास्त्री बाजार जैसे व्यस्त इलाकों में लंबे समय से अवैध पार्किंग एक बड़ी समस्या बनी हुई है। लोग घंटों तक अपना वाहन सड़क पर ही खड़ा छोड़ देते हैं, जिससे पूरे इलाके की यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है और आम स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए कैंट बोर्ड ने पहली बार एक विस्तृत टोइंग पॉलिसी तैयार की है। इसके तहत, अब नियम तोड़कर नो-पार्किंग में खड़े किए गए वाहनों को क्रेन से तुरंत मौके से हटा लिया जाएगा। इसके बाद वाहन मालिकों से टोइंग चार्ज (वाहन हटाने का खर्च) के साथ-साथ कई तरह के भारी शुल्क वसूले जाएंगे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/ मई/2026