राज्य
14-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर ट्रंप के दबाव में रूस से तेल और गैस नहीं खरीदने का आरोप लगाया। कटौती वाली अपील को लेकर भी तीखा हमला बोला। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार (13 मई) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। केजरीवाल ने एक तरफ पेपर लीक मामलों को लेकर बीजेपी सरकार को घेरा, वहीं दूसरी तरफ रूस से तेल और गैस खरीद को लेकर केंद्र सरकार की नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार देशवासियों से पेट्रोल-डीजल और गैस बचाने की अपील कर रही है, लेकिन दूसरी ओर रूस से सस्ती गैस और तेल लेने से इनकार कर रही है। केजरीवाल ने दावा किया कि यह सब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में किया जा रहा है। केजरीवाल ने कहा कि अभी खबर आई है कि रूस से गैस लेकर एक जहाज भारत की ओर आ रहा था, लेकिन भारत सरकार ने उसे रोक दिया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब देश में तेल और गैस की कमी की बात हो रही है तो रूस से खरीद क्यों नहीं की जा रही। उन्होंने कहा मोदी जी देशवासियों से कह रहे हैं कि स्कूटर, बाइक इस्तेमाल मत करो। कार इस्तेमाल मत करो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करो, वर्क फ्रॉम होम कर लो, तेल बचाओ। लेकिन दूसरी तरफ रूस तेल और गैस देने को तैयार है और हम मना कर रहे हैं। आखिर क्यों? क्या ट्रंप ने मना किया है?” केजरीवाल ने कहा कि 140 करोड़ लोगों का हित ज्यादा जरूरी है, न कि ट्रंप को खुश करना। उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई भी देश ट्रंप की हर बात नहीं मान रहा, लेकिन भारत सरकार झुकती दिखाई दे रही है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/ मई/2026