14-May-2026
...


- प्रशिक्षण में मौजूद छात्राएं। शाजापुर (ईएमएस)। हाथों में हुनर हो तो सफलता और आत्मनिर्भरता की राह खुद-ब-खुद आसान हो जाती है। शाजापुर की बेटियों को इसी हुनर से तराशने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की एक शानदार पहल शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में देखने को मिल रही है। यहां की छात्राएं अब केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए बाकायदा ब्यूटी पार्लर में सीधे काम के बीच ऑन-जॉब ट्रेनिंग (ओजेटी) प्राप्त कर रही हैं। विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित ब्यूटी एंड वैलनेस विषय की कक्षा 10वीं और 12वीं की छात्राओं को विशेष व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विद्यालय की प्राचार्य पूनम त्रिवेदी और नोडल अधिकारी मुकेश कुमार दुबे के कुशल मार्गदर्शन में यह पूरी रूपरेखा तैयार की गई है। इसके तहत व्यावसायिक प्रशिक्षक संगीता अग्रवाल द्वारा इन छात्राओं को शाजापुर शहर के ब्यूटी पार्लर में ले जाकर काम का सीधा अनुभव प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्लर के रोजमर्रा के कामकाज को करीब से देखते हुए वे प्रतिदिन विभिन्न प्रकार का मेकअप, आधुनिक हेयर स्टाइल, मैनीक्योर, पेडीक्योर और आकर्षक मेंहदी लगाने जैसी महत्वपूर्ण बारीकियां सीख रही हैं। इस पूरी ट्रेनिंग का लक्ष्य छात्राओं को रोजगार के लिए पूरी तरह से तैयार करना है। ट्रेनिंग के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद इन सभी छात्राओं को आधिकारिक सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे। इस व्यावहारिक ज्ञान और प्रमाण पत्र की मदद से छात्राएं भविष्य में अपना खुद का ब्यूटी पार्लर खोलकर न सिर्फ आत्मनिर्भर बन सकेंगी, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकेंगी। उक्त जानकारी राजेंद्र नामदेव ने दी। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 14 मई 2026