बालाघाट (ईएमएस). प्रदेश शासन ने किसानों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए अब शनिवार को भी समर्थन मूल्य पर चना एवं सरसों की खरीदी करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। अब तक समर्थन मूल्य पर चना एवं सरसों खरीदी योजना अंतर्गत खरीदी केंद्रों पर सप्ताह में केवल पांच दिन, सोमवार से शुक्रवार तक ही खरीदी की जाती थी। किसानों की सुविधा एवं उपज विक्रय प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से शासन ने खरीदी अवधि बढ़ाकर सप्ताह में छह दिन करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के अनुसार अब सोमवार से शनिवार तक समर्थन मूल्य पर चना एवं सरसों की खरीदी की जाएगी। शासन के इस निर्णय से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा तथा खरीदी केंद्रों पर भीड़ कम होने में मदद मिलेगी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से निर्धारित स्लॉट एवं समयानुसार खरीदी केंद्रों पर पहुंचकर अपनी उपज विक्रय करने की अपील की है, ताकि खरीदी कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके। भानेश साकुरे /14 मई 2026