क्षेत्रीय
14-May-2026


उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। खबर है कि पुरानी रंजिश और धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के बाद एक दर्जन से अधिक लोगों द्वारा एक ही परिवार के सदस्यों पर बेरहमी से जानलेवा हमला किया। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता 50 वर्षीय गीता प्रेम राजपूत मजदूरी का काम करती हैं और कैंप तीन, विट्ठलवाड़ी रेलवे स्टेशन रोड, गोपाल समाज मित्र मंडल के पास, पूजा बिस्किट कंपनी के बगल में रहती हैं। 13 मई को दोपहर करीब 3 बजे पुरानी रंजिश और शिकायतकर्ता के रिश्तेदारों के साथ हुए पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने गीता राजपूत, सुनील राजपूत और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ितों के अनुसार, सुनील राजपूत उस समय रिलायंस कंपाउंड में काम कर रहे थे। तभी आरोपी वहां पहुंचे और उन्हें जबरन सड़क पर घसीटकर बाहर ले आए। इसके बाद लाठी-डंडों और हाथ-पैरों से उनकी जमकर पिटाई की गई। हमले में सुनील राजपूत के सिर, गले, पीठ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं गीता राजपूत के सिर में भी चोट लगी है। घटना में घायल हुए तीनों लोगों को इलाज के लिए उल्हासनगर के सरकारी मध्यवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित राज छगन राजपूत ने आरोप लगाया कि माता के भंडारे में जाने पर उन्हें वहां से भगा दिया गया था। जब उन्होंने इसका कारण पूछा, तो आरोपियों ने कहा कि “यह हमारा त्योहार है, तुम्हारा यहां कोई काम नहीं।” इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और बाद में हमला किया गया। पीड़ित परिवार ने सोनू पंडा वाघेला, महेश पंडा वाघेला, रोहित वाघेला, नितिन, विनू और अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि 8 से 15 लोगों ने मिलकर उन पर हमला किया। मामले की शिकायत मिलने के बाद मध्यवर्ती पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संतोष झा- १४ मई/२०२६/ईएमएस