ज़रा हटके
15-May-2026
...


सिओल (ईएमएस)। पिछले कुछ वर्षों में कोरियन ड्रामा और के-पॉप का क्रेज दुनियाभर में तेजी से बढ़ा है। इसी क्रम में कोरियन लड़कों का स्टाइल, व्यवहार और व्यक्तित्व भी लड़कियों के बीच खासा लोकप्रिय हो गया है। आपने सोशल मीडिया, के-ड्रामा या नेटफ्लिक्स की दुनिया ‘ओप्पा’ शब्द जरूर सुना होगा। कोरियाई भाषा में ‘ओप्पा’ का अर्थ होता है ‘बड़ा भाई’। यह शब्द लड़कियां अपने से बड़े किसी करीबी लड़के के लिए इस्तेमाल करती हैं। हालांकि समय के साथ इसका मतलब बदल गया और अब यह शब्द प्यार, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक बन चुका है। आज कई लड़कियां अपने बॉयफ्रेंड या पसंदीदा लड़के को भी प्यार से ‘ओप्पा’ कहकर बुलाती हैं। कोरियन लड़कों की लोकप्रियता के पीछे सबसे बड़ा कारण उनका व्यवहार माना जा रहा है। जहां कई समाजों में मर्दानगी को सख्त और भावनाहीन व्यक्तित्व से जोड़कर देखा जाता है, वहीं कोरियन संस्कृति में ‘सॉफ्ट मस्कुलिनिटी’ को महत्व दिया जाता है। कोरियन लड़के अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त करने में संकोच नहीं करते। वे अपनी पार्टनर के प्रति केयरिंग, भावुक और संवेदनशील नजर आते हैं। यही चीज लड़कियों को सबसे ज्यादा आकर्षित करती है। इसके अलावा उनकी ग्रूमिंग और पर्सनैलिटी भी लोगों का ध्यान खींचती है। कोरियन लड़के अपनी स्किन, हेयरस्टाइल और ड्रेसिंग सेंस का खास ख्याल रखते हैं। साफ-सुथरा रहना, अच्छी खुशबू इस्तेमाल करना और खुद को प्रेजेंटेबल रखना वहां की लाइफस्टाइल का हिस्सा माना जाता है। यह आदत लड़कियों को प्रभावित करती है क्योंकि इससे आत्मविश्वास और परिपक्वता झलकती है। कोरियाई संस्कृति में शिष्टाचार और सम्मान को भी काफी महत्व दिया जाता है। के-ड्रामों में अक्सर दिखाए जाने वाले छोटे-छोटे रोमांटिक जेस्चर जैसे बारिश में छाता पकड़ना, सड़क पार कराना या पार्टनर का ख्याल रखना, लोगों को बेहद पसंद आता है। ये बातें रिश्तों में अपनापन और सम्मान का एहसास कराती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ‘ओप्पा’ कल्चर सिर्फ एक ट्रेंड नहीं, बल्कि बदलती सोच का संकेत है। आज की लड़कियां ऐसे पार्टनर चाहती हैं जो सिर्फ मजबूत ही नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से समझदार और सम्मान देने वाला भी हो। सुदामा/ईएमएस 15 मई 2026