लंदन (ईएमएस)। चिकित्सा विज्ञान ने ऐसा चमत्कार कर दिखाया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। यह अनोखी घटना मेडिकल जगत में चर्चा का विषय बनी हुई है। यह हैरान करने वाली घटना है एक नवजात शिशु का अपनी जिंदगी बचाने के लिए मां के गर्भ से दो बार जन्म लेना। बच्चे का नाम कैसियन जौबर्ट है, जिसकी जिंदगी बचाने के लिए डॉक्टरों ने बेहद जोखिम भरी और दुर्लभ सर्जरी का सहारा लिया। इस पूरे मामले को चिकित्सा विज्ञान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। कैसियन की मां के एशर और पिता ग्रेग जौबर्ट को जनवरी 2025 में पता चला था कि उनके घर दूसरा बच्चा आने वाला है। परिवार इस खबर से बेहद खुश था, लेकिन गर्भावस्था के 19वें सप्ताह में डॉक्टरों ने एक गंभीर बीमारी का पता लगाया। जांच में सामने आया कि गर्भ में पल रहे बच्चे को ‘कैओस’ नाम की बेहद दुर्लभ बीमारी है। इस बीमारी में बच्चे की सांस की नली एक मोटी झिल्ली से बंद हो जाती है, जिससे फेफड़ों में तरल पदार्थ भरने लगता है और अधिकांश मामलों में बच्चे की जान नहीं बच पाती। डॉक्टरों ने पहले गर्भ के भीतर लेजर तकनीक से ब्लॉकेज हटाने की कोशिश की, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हो सका। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने एक बेहद कठिन और जोखिम भरा फैसला लिया। जून 2025 में, जब के एशर 25 सप्ताह की गर्भवती थीं, तब डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके पेट को खोला और बच्चे का सिर तथा हाथ बाहर निकाले, जबकि बाकी शरीर गर्भ और प्लेसेंटा से जुड़ा रहा। इसी दौरान विशेषज्ञ डॉक्टर इमैनुएल व्लास्तोस ने बच्चे की गर्दन पर बेहद बारीक सर्जरी कर उसकी सांस की नली बनाई। सर्जरी पूरी होने के बाद बच्चे को दोबारा गर्भ में रखकर पेट को सिल दिया गया। करीब दो महीने बाद अगस्त 2025 में कैसियन का सामान्य तरीके से जन्म हुआ। इस तरह यह बच्चा दो बार मां के गर्भ से बाहर आया। जन्म के समय उसका वजन केवल 1.4 किलोग्राम था और उसे चार महीने से ज्यादा समय तक नवजात गहन चिकित्सा इकाई में रखना पड़ा। अब उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। सुदामा/ईएमएस 15 मई 2026