- सड़क हादसे में हुई थी भाई-बहन की मौत गुना (ईएमएस)।आरोन क्षेत्र में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों बाइक से परीक्षा देकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार महुआखेड़ा गांव निवासी शिवानी कोरी बीए की छात्रा थी और इन दिनों उसके कॉलेज की परीक्षाएं चल रही थीं। गुरुवार को वह अपने छोटे भाई विपिन कोरी के साथ परीक्षा देने आरोन कॉलेज आई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों शाम के समय बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिरसी-ढिमरयाई मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल आरोन अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक भाई-बहन अपने परिवार के बेहद करीब थे। एक साथ दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।-सीताराम नाटानी