क्षेत्रीय
15-May-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर स्थित न्यायालय परिसर में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में अचानक की गई कार्रवाई से हड़कंप मच गया। अभियान में 100 से अधिक पुलिसकर्मी, एसीसीयू टीम और बम निरोधक दस्ता (BDS) शामिल रहा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डीसीपी सेंट्रल जोन और क्राइम के निर्देश पर न्यायालय की अनुमति के बाद यह विशेष अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल और उपद्रव की आशंका वाले लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई। अभियान में पुलिस ने कुल 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया। इनमें आशुतोष साहू उर्फ अमन, विराज सेन्द्रे, भुवनेश्वर चौधरी उर्फ बिट्टू, गोलू नेताम उर्फ कामता, पवन कोसरिया और दुन्नो कुल्हरिया सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई और उन्हें थाना सिविल लाइन लाकर पूछताछ की गई। इसके बाद सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इसी अभियान के दौरान दो युवकों के पास से अवैध हथियार भी बरामद हुए। पुलिस ने मयंक सोनी और विनोद सारथी के कब्जे से एक-एक चाकू जब्त किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल ने बताया कि कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि परिसर में लगातार बढ़ रही भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए आगे भी इस तरह की आकस्मिक चेकिंग जारी रहेगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 मई 2026