- बीजेपी नेता समेत तीन गिरफ्तार, होटल में छापेमारी से हड़कंप रांची (ईएमएस)। झारखंड की राजधानी रांची में वन विभाग ने वन्यजीवों की अवैध तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो से मिली गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने 14 मई को डेली मार्केट स्थित नटराज होटल में छापेमारी की, जहाँ से बीजेपी नेता राजीव रंजन मिश्रा, उनके पुत्र अविनाश आनंद और एक अन्य सहयोगी अरुण राम को गिरफ्तार किया गया। होटल के कमरा नंबर 203 की तलाशी के दौरान एक काले पैकेट में तीन मृत मॉनिटर लिजार्ड बरामद किए गए। बरामद वन्यजीवों के संबंध में आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि होटल के कमरे फर्जी पहचान या दूसरे के नाम पर बुक किए गए थे। होटल प्रबंधन के रिकॉर्ड के अनुसार, कमरा नंबर 203 और 206 को 13 मई को पश्चिम बंगाल के निवासी विष्णु गुप्ता के नाम पर आरक्षित कराया गया था। वन विभाग अब इस बिंदु पर गहनता से तफ्तीश कर रहा है कि इस तस्करी के पीछे कितना बड़ा गिरोह सक्रिय है और इन मॉनिटर लिजार्ड्स को कहाँ और किस उद्देश्य से सप्लाई किया जाना था। विभाग इस नेटवर्क के तार अन्य राज्यों से जुड़े होने की संभावना भी तलाश रहा है। वन विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि मॉनिटर लिजार्ड एक संरक्षित प्रजाति है और इनका शिकार या व्यापार पारिस्थितिक तंत्र के लिए अत्यंत हानिकारक है। वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जैव विविधता को नुकसान पहुँचाने वाले किसी भी अवैध व्यापार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और इस मामले से जुड़े हर संदिग्ध कड़ी की बारीकी से जांच की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम कसी जा सके। रामयश/ईएमएस 15 मई 2026