क्षेत्रीय
15-May-2026
...


- सिर और आंख में आए गहरे घाव, निजी अस्पताल के ICU में भर्ती गुना (ईएमएस)। शहर में आवारा पशुओं का आतंक अब मासूमों की जान पर बन आया है। बीती रात कर्नलगंज क्षेत्र में दो सांडों के बीच हो रही भीषण लड़ाई की चपेट में आने से एक 6 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को लहूलुहान हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वह आईसीयू (ICU) में भर्ती है। घर के सामने खेल रहा था अयान प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्नलगंज निवासी अयान पिता अशरफ खान (6 वर्ष) रात करीब 8:30 बजे अपने घर के सामने त्रिवेणी के पास सड़क पर था। इसी दौरान वहां दो सांड आपस में भिड़ गए। लड़ते-लड़ते सांडों ने मासूम अयान को अपनी चपेट में ले लिया और उसे बुरी तरह कुचल दिया। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और परिजनों ने तुरंत बच्चे को सहयोग हॉस्पिटल पहुंचाया। सिर में 5 टांके, आंख पर भी आई गंभीर चोट डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे के सिर में गहरे घाव होने के कारण 5 टांके आए हैं, वहीं आंख के पास भी गंभीर चोट है जिस पर 2 टांके लगाए जाने हैं। गनीमत यह रही कि हेड इंजरी (सिर की आंतरिक चोट) की आशंका के बाद कराई गई जांचों में कोई बड़ा खतरा सामने नहीं आया है, लेकिन मासूम अभी भी सदमे और दर्द में है। नगर पालिका की अनदेखी पर फूटा गुस्सा इस हृदयविदारक घटना के बाद स्थानीय निवासियों और परिजनों का नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पूरे शहर की मुख्य सड़कों पर सांडों का जमावड़ा रहता है और गलियों में आवारा कुत्तों का आतंक है, लेकिन नगर पालिका का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए कोई विशेष अभियान नहीं चलाया जा रहा है, जिसका खामियाजा अब छोटे बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। शहर बना आवारा पशुओं का चारागाह कर्नलगंज ही नहीं, बल्कि शहर के लगभग हर चौराहे और मोहल्ले में सांडों की लड़ाई आम बात हो गई है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन आवारा सांडों को शहर से बाहर नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ी जनहानि हो सकती है। फिलहाल अयान का उपचार जारी है और मोहल्ले वासी उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।-सीताराम नाटानी