क्षेत्रीय
15-May-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत नानाखेड़ी इलाके में रहने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार को दो दोस्त युवक को घर से मछली पार्टी का झांसा देकर अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद दोपहर में उसकी लाश एक क्रेशर पर पड़ी मिली। मृतक के सिर पर चोट के गहरे निशान और शरीर पर कपड़े न होने के कारण परिजनों ने हत्या का संगीन आरोप लगाया है। पार्टी के लिए बुलाकर ले गए थे साथ प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजू केवट (40 वर्ष) मछली पकड़ने का काम करता था और नानाखेड़ी में किराए से रहकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी पत्नी हल्की बाई ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9 बजे राजू घर पर मछली बना रहे थे, तभी उनके दोस्त सतीश और बबलू वहां पहुंचे। दोनों ने राजू को यह कहकर साथ चलने को राजी कर लिया कि मंगवार के क्रेशर पर चलकर पार्टी करेंगे और वहीं मछली बनाएंगे। अस्पताल से मिली मौत की खबर दोपहर करीब एक बजे परिजनों को सूचना मिली कि राजू की तबीयत खराब है और वह अस्पताल में भर्ती है। जब पत्नी अस्पताल पहुंची, तो वहां राजू मृत अवस्था में मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि राजू का शव क्रेशर पर अर्धनग्न हालत में पड़ा मिला था, जिसकी सूचना वहां के कर्मचारियों ने पुलिस को दी थी। मृतक के सिर पर दो जगह गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जो किसी भारी वस्तु के प्रहार की ओर इशारा कर रहे हैं। परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप मृतक की पत्नी हल्की बाई ने डूबने से मौत की थ्योरी को सिरे से खारिज कर दिया है। उसका कहना है कि राजू एक कुशल तैराक था और पानी में काफी देर तक सांस रोक सकता था। पत्नी का आरोप है कि राजू का किसी व्यक्ति के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते साजिश के तहत उसकी हत्या की गई है। शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। फिलहाल कैंट पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है और राजू के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।_सीताराम नाटानी