क्षेत्रीय
15-May-2026
...


बेमेतरा(ईएमएस)। जिले के प्रशासनिक कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब एसडीएम प्रकाश भारद्वाज के चैंबर की फॉल सीलिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के समय चैंबर के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। जानकारी के अनुसार, घटना अचानक हुई और तेज आवाज के साथ चैंबर की पूरी फॉल सीलिंग नीचे आ गिरी। आसपास मौजूद कर्मचारी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे तो देखा कि चैंबर के भीतर मलबा फैला हुआ है। घटना के समय एसडीएम सहित कोई भी अधिकारी या कर्मचारी कमरे में मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि कार्यालय भवन में हाल ही में लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से मरम्मत और रिनोवेशन का कार्य कराया गया था। ऐसे में फॉल सीलिंग गिरने की घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कर्मचारियों के बीच भी इस बात को लेकर चर्चा है कि यदि हादसे के समय कोई अंदर मौजूद होता तो गंभीर स्थिति बन सकती थी। घटना के बाद प्रशासनिक अमले ने मौके का निरीक्षण किया और नुकसान का आकलन शुरू किया गया। वहीं जिम्मेदार एजेंसी और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी जांच की बात कही जा रही है। फिलहाल अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फॉल सीलिंग गिरने के पीछे तकनीकी खामी थी या निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई। घटना के बाद कार्यालय परिसर में सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 मई 2026