क्षेत्रीय
16-May-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर में स्वच्छता सर्वेक्षण के बीच शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई है। लगातार तीसरे दिन भी डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन बंद रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सुबह शहर की कई कॉलोनियों और मोहल्लों में लोग घरों के बाहर कचरे से भरे डस्टबिन लेकर कचरा गाड़ियों का इंतजार करते रहे, लेकिन वाहन नहीं पहुंचे। इससे कई इलाकों में गंदगी और बदबू की स्थिति बनने लगी है। दलदल सिवनी स्थित कचरा यार्ड में सुबह से बड़ी संख्या में कचरा कलेक्शन वाहन खड़े रहे। हालात को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया। शहर की सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रायपुर और नवा रायपुर की सफाई व्यवस्था संभाल रही मेसर्स DSW रामकी कंपनी ने काम पूरी तरह बंद कर दिया है। कंपनी का आरोप है कि नगर निगम ने मार्च 2025 से अब तक करीब 78 करोड़ रुपए का भुगतान नहीं किया है। कंपनी अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से केवल आंशिक भुगतान किया जा रहा है, जबकि डीजल, रखरखाव, कर्मचारियों के वेतन और संचालन लागत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इधर कचरा गाड़ी चलाने वाले ड्राइवर और कर्मचारी भी वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार मांग रखने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। वेतन और भुगतान को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण उन्होंने काम बंद करने का फैसला लिया है। गुरुवार को महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम अधिकारियों और रामकी कंपनी के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर जल्द समाधान निकालने के निर्देश दिए थे। बैठक में सफाई व्यवस्था तत्काल बहाल करने पर चर्चा हुई थी, लेकिन उसका असर भी दिखाई नहीं दिया। शहर के अधिकांश हिस्सों में कचरा कलेक्शन बंद रहा। रायपुर से प्रतिदिन करीब 750 टन कचरा निकलता है, जिसे संकरी स्थित प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाया जाता है। इसके लिए सैकड़ों वाहन और बड़ी संख्या में कर्मचारी तैनात रहते हैं। वर्तमान में सफाई व्यवस्था बाधित होने से शहर में कचरे का दबाव तेजी से बढ़ने लगा है। स्थिति इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि इसी महीने रायपुर में केंद्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण टीम का दौरा प्रस्तावित है। ऐसे समय में सफाई व्यवस्था चरमराने से नगर निगम की तैयारियों और प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीन दिनों से कचरा नहीं उठने के कारण मोहल्लों में बदबू फैल रही है और संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। नागरिकों ने जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था सामान्य करने की मांग की है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि कंपनी और कर्मचारियों के साथ लगातार बातचीत जारी है तथा जल्द समाधान निकालकर डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन फिर से शुरू कराया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 मई 2026