- पीएम आवास और सांईधाम पार्ट-2 कॉलोनी में चोरों का धावा, सीसीटीवी में कैद हुए 8 से 10 बदमाश सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी ले गए चोर गुना (ईएमएस)। शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी और सामने स्थित सांईधाम पार्ट-2 कॉलोनी में शुक्रवार-शनिवार दरम्यानी रात चोरों ने जमकर आतंक मचाया। बदमाशों ने एक ही रात में आधा दर्जन से अधिक मकानों के ताले तोड़ दिए। कई घरों में सेंधमारी कर नगदी, सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान चोरी कर लिया। पूरी वारदात कॉलोनियों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें 8 से 10 संदिग्ध बदमाश हाथों में हथियार लिए घूमते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद दोनों कॉलोनियों के रहवासियों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने सबसे पहले पीएम आवास कॉलोनी को निशाना बनाया। यहां कई मकानों के ताले तोड़े गए। जिन घरों में लोग मौजूद थे, उन मकानों की बाहर से कुंदी लगाकर परिवारों को अंदर ही बंद कर दिया गया, ताकि कोई बाहर निकलकर विरोध न कर सके। वहीं जिन घरों में लोग नहीं थे, वहां आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने कॉलोनी की इंटरनेट केबल भी काट दी, जिससे लोगों को घटना की भनक तक नहीं लग सकी। पीड़ित अमित शर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी और बच्चे मायके गए हुए थे। वह स्वयं एटीएम पर नाइट ड्यूटी कर रहे थे। सुबह घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर अलमारी टूटी पड़ी थी। पूरे घर का सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पत्नी का सोने का मंगलसूत्र, बच्चे के सोने के मोती, चांदी के जेवर सहित करीब 50 हजार रुपए नगद गायब मिले। अमित के अनुसार यह रकम उन्होंने कई महीनों से वाहन खरीदने के लिए जमा की थी। इसके अलावा आसपास के दो अन्य मकानों में भी चोरी हुई, जिनके परिवार शादी समारोह में गए हुए थे। वहीं सामने स्थित सांईधाम पार्ट-2 कॉलोनी में भी चोरों ने सेंधमारी की। यहां बदमाश संस्कार श्रीवास्तव के घर के बरामदे से साइकिल और अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन रहवासियों का आरोप है कि केवल औपचारिक जांच कर पुलिस आवेदन देने की बात कहकर लौट गई। उल्लेखनीय है कि पीएम आवास कॉलोनी के आसपास एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, तात्याटोपे विश्वविद्यालय सहित कई शासकीय कार्यालय स्थित हैं और क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है, इसके बावजूद लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। - सीताराम नाटानी