क्षेत्रीय
16-May-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) आज सुबह शहर के पश्चिमी क्षेत्र धार रोड के नावदापंथ में उस समय अफरातफरी के साथ हड़कंप मच गया जब वहां स्थित एक प्लास्टिक दाना और उत्पाद बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक आग लग गई और तेजी से फैलने लगी ‌तथा देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि आसमान में कई किलोमीटर दूर तक काले धुएं का गुबार साफ देखा गया। सूचना पर तुरंत फायरब्रिगेड और पुलिस तथा प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह लगभग 7:00 से 7:30 बजे के बीच की है। जब ड्यू ड्रॉप इरिगेशन फैक्ट्री से अचानक आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के औद्योगिक और रिहायशी इलाकों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर रवाना की गईं वहीं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तुरंत आसपास के पूरे क्षेत्र को खाली करवा लिया। दमकल विभाग के सब-इंस्पेक्टर संतोष दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि राहत कार्य के दौरान टीम को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फैक्ट्री तक फायर ब्रिगेड के वाहनों के जाने के लिए कोई सीधा और उचित रास्ता उपलब्ध नहीं था। ऐसे में मुस्तैदी दिखाते हुए दमकल कर्मियों ने पोकलेन मशीन की मदद से फैक्ट्री की एक बाउंड्री वॉल (दीवार) को ढहा दिया, जिसके बाद ही दमकल वाहन अंदर प्रवेश कर सके। प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग बहुत तेजी से फैल रही थी। आग पर काबू पाने के लिए - • दमकल की 6 से 7 बड़ी गाड़ियों को तुरंत मोर्चे पर लगाया गया। • पानी की निरंतर सप्लाई बनाए रखने के लिए करीब 25 पानी के टैंकरों का इस्तेमाल किया गया। • घंटों की कड़ी मशक्कत और भारी मात्रा में पानी की बौछारों के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। • और राहत की बात रही की इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पुष्टि करते हुए कहा है कि इस भीषण हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और सभी लोग सुरक्षित हैं। फैक्ट्री के अंदर फंसे सामान और मलबे को हटाने का काम अभी भी जारी है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है, हालांकि पुलिस और दमकल विभाग दुर्घटना के सटीक कारणों और संपत्ति के नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। आनंद पुरोहित/ 16 मई 2026