क्षेत्रीय
16-May-2026
...


जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले में एक अधिकारी और ड्राइवर के बीच कथित बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन सक्रिय हो गया है। इस मामले ने कर्मचारियों की अटैचमेंट व्यवस्था को लेकर नई बहस खड़ी कर दी है। फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने सभी जिला संयोजकों से विभिन्न विभागों में अटैच किए गए ड्राइवरों और चपरासियों की विस्तृत जानकारी मांगी है। फेडरेशन का कहना है कि कई जिलों में कर्मचारियों को उनके मूल विभाग से हटाकर अन्य कार्यालयों में संलग्न किया जा रहा है। आरोप है कि कई मामलों में यह प्रक्रिया अधिकारियों के दबाव में की जा रही है, जिससे कर्मचारियों को वेतन निकासी और कार्यालयीन कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने यह भी कहा कि कई मामलों में अधिकारी के स्थानांतरण के बाद भी उनके साथ अटैच कर्मचारी वापस मूल विभाग में नहीं भेजे जा रहे हैं, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। फेडरेशन ने सभी जिला इकाइयों से ऐसे कर्मचारियों की सूची शीघ्र भेजने को कहा है, ताकि इस मुद्दे को राज्य स्तर पर उठाया जा सके। संगठन ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे मामले पर आगामी राज्यस्तरीय बैठक में विस्तार से चर्चा की जाएगी और एक स्पष्ट नीति बनाने की मांग की जाएगी, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और संतुलन बना रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 मई 2026