क्षेत्रीय
16-May-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। रायपुर नगर निगम के उद्यानिकी विभाग में गार्डनों के रखरखाव को लेकर नया विवाद सामने आया है। समता कॉलोनी और चंगोराभाठा स्थित गार्डनों के मेंटेनेंस के लिए करीब 17 लाख रुपए का ठेका दिए जाने पर पारदर्शिता और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि ठेका प्रक्रिया की जानकारी न तो निगम के जनप्रतिनिधियों को दी गई और न ही संबंधित विभाग के एमआईसी सदस्यों को इसकी जानकारी थी। मामले के सामने आने के बाद निगम के भीतर हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, जिन गार्डनों के रखरखाव के लिए लाखों रुपए का ठेका जारी किया गया, वहां मौके पर कोई कर्मचारी तैनात नहीं मिला। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कई स्थानों पर नियमित सफाई और रखरखाव का काम नजर नहीं आया। इसके बाद सवाल उठने लगे कि आखिर ठेके के नाम पर किस कार्य के लिए भुगतान किया जा रहा था। सूत्रों के अनुसार, मामला उजागर होने के बाद संबंधित ठेका निरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि आखिर बिना व्यापक जानकारी और पारदर्शी प्रक्रिया के यह ठेका कैसे जारी कर दिया गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नियमों का पालन किया गया था या नहीं। नगर निगम के भीतर इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने पूरे प्रकरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि निगम में बिना जानकारी के ठेके जारी होना गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्यानिकी विभाग में लंबे समय से अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही हैं और अब यह मामला उसी का उदाहरण है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं महापौर मीनल चौबे ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम में विकास और रखरखाव से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इस मामले के सामने आने के बाद नगर निगम के अन्य विभागों में भी पुराने ठेकों और भुगतान प्रक्रियाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है। निगम के भीतर अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या अन्य विभागों में भी इसी तरह बिना पर्याप्त निगरानी और जवाबदेही के ठेके जारी किए गए हैं। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 मई 2026