नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने फर्जी कंपनियां बनाकर और लोगों के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये की जीएसटी/वैट धोखाधड़ी करने वाले दो बड़े मामलों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों पर फर्जी फर्मों और बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये की हेराफेरी करने का आरोप है। पहला मामला यशस्वी शर्मा की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी फर्म ‘मेसर्स स्वस्तिक एंटरप्राइजेस’ और उसके वैट/जीएसटी क्रेडेंशियल का उनकी जानकारी और सहमति के बिना फर्जी लेनदेन के लिए इस्तेमाल किया गया। जांच में सामने आया कि कई फर्जी फर्मों के जरिए करोड़ों रुपये की हेराफेरी की गई और इसके लिए ‘मेसर्स स्वस्तिक एंटरप्राइजेस’ के बैंक खातों का इस्तेमाल हुआ। पुलिस के अनुसार, सीए फर्म मेसर्स अशोक अतुल एंड कंपनी की मदद से डमी फर्मों और खातों का संचालन किया जा रहा था। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/ मई/2026