क्षेत्रीय
16-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से नमो भारत स्टेशन तक पहुंचने का सफर अब आसान हो गया है। 300 मीटर लंबा फुटओवर ब्रिज शुरू होने से यह दूरी महज 5 मिनट की रह गई है। दिल्ली में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और सराय काले खां स्थित नमो भारत स्टेशन के बीच बनाए गए 300 मीटर लंबे फुटओवर ब्रिज (एफओबी) को आम लोगों के लिए खोल दिया गया है।इस ब्रिज के शुरू होने से रेलवे स्टेशन और नमो भारत स्टेशन के बीच आने-जाने वाले यात्रियों के समय में काफी बचत होगी। उनका सफर काफी आरामदायक हो जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए इस फुटओवर ब्रिज पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। नमो भारत स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट पर दिव्यांग यात्रियों के लिए लिफ्ट की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसके अलावा यात्रियों के तेज और आसान आवागमन के लिए एस्केलेटर भी लगाए गए हैं। वहीं ब्रिज पर 65 मीटर लंबे कुल छह मूविंग वॉक यानी ट्रेवललेटर लगाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक दिशा में तीन-तीन ट्रेवललेटर शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों को एफओबी की पूरी लंबाई तय करने में लगभग पांच मिनट का समय लग रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए जगह-जगह साइन बोर्ड और दिशा-निर्देश बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे लोगों को स्टेशन तक पहुंचने में आसानी हो सके। सुरक्षा के लिहाज से पूरे फुटओवर ब्रिज को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। उत्तर रेलवे ने हजरत निजामुद्दीन स्टेशन की ओर यात्रियों के लिए पांच यूटीएस टिकट काउंटर और एक पूछताछ केंद्र भी शुरू किया है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/16/ मई/2026