क्षेत्रीय
16-May-2026
...


पूर्वी चंपारण, (ईएमएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली प्रखंड के जनता चौक पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में वृद्ध महिला और बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातमी सन्नाटा पसरा रहा। घटना शाम करीब 7.30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामगढ़वा की ओर से एक बाइक तेज रफ्तार में जनता चौक की तरफ आ रही थी। इसी दौरान सड़क पार कर रहीं जनता चौक निवासी सूर्य मानी देवी को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध महिला सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे में बाइक चला रहा युवक निखिल कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी, जिससे युवक के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे भी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। उधर लोगों का कहना है कि जनता चौक पर अक्सर तेज रफ्तार बाइक और अन्य वाहन गुजरते हैं, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। संतोष झा- १६ मई/२०२६/ईएमएस