क्षेत्रीय
16-May-2026
...


- दो लोग गंभीर रूप से घायल - वन विभाग ने गांव में डाला डेरा, लोगों से घरों में रहने की अपील बलिया (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और डराने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मनियर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पुरुषोत्तम पट्टी गांव के दियारा इलाके में एक खूंखार तेंदुए ने अचानक हमला कर दो ग्रामीणों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस हिंसक हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) सिकंदरपुर में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तम पट्टी गांव के रहने वाले जगदंबा यादव के दियारा स्थित खेत में मक्के की फसल खड़ी है। शनिवार को गांव के विजयी राजभर इसी खेत में अपने मवेशियों के लिए चारा काटने गए थे। इसी दौरान मक्के के घने खेत में छिपे बैठे तेंदुए ने उन पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। तेंदुए के चंगुल में फंसते ही विजयी ने शोर मचाना और चिल्लाना शुरू कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीण और युवक लाठी-डंडों के साथ तुरंत मौके पर जुट गए। तेंदुए को खेत में ही दबोचने के इरादे से ग्रामीणों ने मक्के के खेत को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरा देख आक्रामक हुए तेंदुए ने भीड़ में मौजूद राजा यादव नाम के एक अन्य युवक पर भी झपट्टा मारकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद तेंदुआ वहां से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही मनियर पुलिस और वन विभाग की टीमें तुरंत हरकत में आईं और गांव पहुंचकर मोर्चा संभाला। वन विभाग की टीम अब ड्रोन कैमरों की मदद से मक्के के खेतों और आसपास के इलाकों में तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है। एहतियात के तौर पर प्रशासन और वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों से बेवजह घरों से बाहर न निकलने और अकेले खेतों की तरफ न जाने की सख्त अपील की है। रामयश/ईएमएस 16 मई 2026