क्षेत्रीय
16-May-2026
...


- बदबू और सडक़ पर फैली गंदगी से लोगों की बढ़ी परेशानी बिलासपुर (ईएमएस)। बारिश से पहले जलभराव और गंदगी की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में नाली और नालों की सफाई अभियान चलाया जा रहा है। निगम के कर्मचारी छोटे पोकलेन और सफाई मशीनों की मदद से नालियों में जमा गाद और कचरा निकाल रहे हैं। हालांकि सफाई के दौरान निकाला गया मलबा कई जगह सडक़ किनारे ही छोड़ दिया जा रहा है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को बदबू और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के कई वार्डों में सुबह से सफाई कार्य जारी है। नालियों से निकलने वाले कीचड़ और कचरे को सडक़ पर ढेर किए जाने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मलबा कई घंटों तक सडक़ पर पड़ा रहता है, जिससे दुर्गंध फैलती है और आसपास का वातावरण खराब हो रहा है। सूखते ही उठाया जाएगा मलबा निगम अधिकारियों के अनुसार बारिश के मौसम में जलभराव की स्थिति से बचने के लिए मुख्य नालों और वार्ड स्तर की नालियों की सफाई प्राथमिकता से कराई जा रही है। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम का दावा है कि सफाई के बाद मलबे का तत्काल उठाव भी कराया जाएगा, ताकि लोगों को असुविधा न हो। मनोज राज 16 मई 2026