बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में ठगी का नया तरीका सामने आया है। बाइक सवार दो शातिरों ने युवक को यह कहकर रोका कि उसकी स्कूटी की डिक्की में मादक पदार्थ होने की जांच करनी है। इसके बाद लूटपाट का डर दिखाकर सोने की चेन और अंगूठी उतरवाई और चंद मिनटों में असली गहने बदलकर नकली रख फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है। फ्रेंड्स रेसिडेंसी नूतन चौक निवासी आशीष पाण्डेय ने पुलिस को बताया कि गुरुवार सुबह वह अपने घर से यूनियन बैंक, पुराना हाईकोर्ट रोड जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे जब वे सीएमडी कॉलेज के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार दो अज्ञात युवक उनके पास आए। दोनों ने खुद को जांच करने वाला बताकर कहा कि उनकी गाड़ी की डिक्की में कोई संदिग्ध मादक पदार्थ होने की सूचना मिली है। इस पर आशिष ने स्कूटी की डिक्की खोलकर दिखाई। इसी दौरान बदमाशों ने कहा कि इलाके में लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं, इसलिए गले में पहनी सोने की चेन और अंगूठी निकालकर सुरक्षित डिक्की में रख लें। शक होने पर की जांच ठगों की बातों में आकर आशीष ने अपनी सोने की चेन और अंगूठी उतार दी। बदमाशों ने गहनों को अपने हाथ में रखे कागज में लपेटा और डिक्की में रखने का नाटक किया। इसके बाद दोनों युवक वहां से निकल गए। कुछ दूरी आगे बढऩे पर आशीष को शक हुआ। उन्होंने स्कूटी रोककर डिक्की की जांच की तो कागज के अंदर नकली बाजारू चेन और अंगूठी रखी मिली। तब तक दोनों ठग फरार हो चुके थे। घटना की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बाइक सवार आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मनोज राज 16 मई 2026