- ट्रेन की एसी खराब, इंजन में भीषण गर्मी, एलारसा ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी - भीषण गर्मी में बिना एसी इंजन चला रहे लोको पायलट, एलारसा का प्रदर्शन - छह सूत्रीय मांगों को लेकर डीआरएम कार्यालय के बाहर धरना बिलासपुर (ईएमएस)। रेल इंजनों में बढ़ती गर्मी, खराब सुविधाओं और रेलवे प्रशासन के रवैए के विरोध में शुक्रवार को ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (एलारसा) ने डीआरएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए लोको पायलटों की समस्याओं के समाधान की मांग की। जोनल सचिव वीके तिवारी और मंडल सचिव विकास सिंह गहरवार के नेतृत्व में कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने कहा कि रेलवे के कुल 528 लोको कैब में से केवल 288 में एयर कंडीशनर लगे हैं, जिनमें भी सिर्फ 132 एसी ही काम कर रहे हैं। मालगाडय़िों के इंजनों में तो एसी की सुविधा तक नहीं है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी में इंजन के भीतर तापमान काफी बढ़ जाता है, जिससे लोको पायलटों को कठिन परिस्थितियों में लगातार काम करना पड़ रहा है। उन्होंने कार्यस्थल को सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाने की मांग उठाई। लोको पायलटों की प्रमुख मांगें 0 सभी लोको कैब वातानुकूलित किए जाएं 0 खराब एसी तत्काल सुधारे जाएं 0 डेटोनेटर और एफएसडी टूल्स किट उपलब्ध कराई जाए 0 लुक बैक साइड ग्लास लगाया जाए 0 वातानुकूलित पायलट जीप अनुबंधित की जाए 0 लोको में निरीक्षण सीट अनिवार्य रूप से लगाई जाए कार्यस्थल सुरक्षित नहीं तो जीवन भी सुरक्षित नहीं मंडल सचिव विकास सिंह गहरवार ने कहा कि इंजन में प्राकृतिक गर्मी के अलावा व्यवस्थागत खामियां भी कर्मचारियों की परेशानी बढ़ा रही हैं। जब तक लोको पायलटों को सुरक्षित वातावरण नहीं मिलेगा, तब तक उनका जीवन भी सुरक्षित नहीं रहेगा। 2008 से चल रहा मुंडी गरम आंदोलन एलारसा पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2008 से मुंडी गरम प्रदर्शन चल रहा है। लंबे समय से लोको कैब को वातानुकूलित और इको-फ्रेंडली बनाने की मांग की जा रही है। गर्मी के दिनों में ट्रेन चलाने में परेशानी हो रही है। तीन मंडलों में प्रदर्शन की चेतावनी एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसी क्रम में बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल में भी मुंडी गरम प्रदर्शन करने की घोषणा की गई है। मनोज राज 16 मई 2026