गुना (ईएमएस)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीराम कॉलोनी में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला जब परिजनों को इसकी सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुरजीत चंदेल उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि युवक ने घर में रस्सी से फांसी लगाई। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। मृतक अपनी मां, भाई और भाभी के साथ रहता था। परिवार के लोग बड़े भाई की ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने ग्राम बापचा गए हुए थे। रिश्तेदारों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से सुरजीत मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और घर में मां को भी परेशान करता था। बताया गया कि उसकी मां शादी-ब्याह में पूड़ी बनाने का काम करती है, जबकि बड़ा भाई मिस्त्रीगिरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन गुना के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।_सीताराम नाटानी