राज्य
16-May-2026


- गोरखपुर में सीएम योगी और हरदीप पुरी ने रखी नींव - 393 करोड़ की लागत से बनने वाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास गोरखपुर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को गोरखपुर के ताल नदोर में करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का औपचारिक शिलान्यास किया। यह स्टेडियम मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक है, जो गोरखपुर मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर वाराणसी हाईवे पर स्थित है। शिलान्यास समारोह से पहले केंद्रीय मंत्री ने बाबा गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए, वहीं इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सांसद रवि किशन, केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान और कुशीनगर के सांसद विजय दुबे के साथ कार पूल करके पहुंचे। इस भव्य स्टेडियम का निर्माण कार्य वैसे तो 24 दिसंबर 2025 से ही शुरू हो चुका है, जिसके लिए सरकार ने पहली किस्त के तौर पर 63.39 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। लोक निर्माण विभाग के अनुसार अब तक करीब 7 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इस स्टेडियम को 23 दिसंबर 2027 तक पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटते हैं, वे कभी आपके हितैषी नहीं हो सकते। अतीत का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि जब भी इन लोगों के पास सत्ता आई, इन्होंने उसका दुरुपयोग केवल अपने परिवार के भले, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के लिए किया, जनता के हित में नहीं। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम 46 एकड़ में फैला होगा और इसमें 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। इसके साथ ही सरकार ने पास की 60 एकड़ जमीन को रिजर्व रखा है, जहाँ एक शानदार स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हॉकी मैदान, इनडोर स्टेडियम, होटल और मार्केट बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 5 साल पहले तक यह पूरा इलाका बंजर और उपेक्षित था, जिस पर भू-माफिया कब्जा कर लेते थे, लेकिन अब यह पूरी तरह कब्जामुक्त है और इसके सामने वेटरनरी कॉलेज का निर्माण भी हो रहा है। समारोह में खिलाड़ियों को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को सीधी भर्ती के माध्यम से नौकरी दे रही है। अब तक ललित उपाध्याय, दीप्ति शर्मा और पारुल चौधरी समेत 534 से अधिक युवाओं को सीधे डिप्टी एसपी व नायब तहसीलदार जैसे पदों पर नियुक्त किया जा चुका है और अब 500 खिलाड़ियों की एक और नई भर्ती निकाली गई है। सीएम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने 2036 के ओलंपिक के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। प्रदेश के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और हर जिले में स्टेडियम बनाए जा रहे हैं, जबकि मेरठ में राज्य की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनकर तैयार है, जिसका जल्द ही लोकार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यह परियोजना केवल एक स्टेडियम की शुरुआत नहीं है, बल्कि देश के युवाओं के सपनों को नई दिशा देने का एक बड़ा संकल्प है। उन्होंने सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा कि वैसे तो उनकी छवि एक सख्त प्रशासक की है, लेकिन उनमें किसी भी विषय और योजना की बारीकियों को गहराई से समझने की अद्भुत क्षमता है। केंद्रीय मंत्री ने यह भी साझा किया कि वैश्विक स्थितियों को लेकर मुख्यमंत्री से सकारात्मक बातचीत हुई है, और जब उन्होंने यूपी में एथेनॉल ब्लेंडिंग का प्रस्ताव रखा तो मुख्यमंत्री ने इसे तत्काल राज्य में लागू करने की मंजूरी दे दी। रामयश/ईएमएस 16 मई 2026