पत्नी का इलाज कराने निकला था घर से : शरीर पर चोट के निशान जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर के देहात थाना पाटन के धमनी गांव स्थित निवास से पत्नी का इलाज कराने घर निकले एक युवक का अगले ही दिन खेत में शव मिला। युवक के शव पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मं ले उसे पीएम के लिए भिजवाया तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम धमनी निवासी 30 वर्षीय जीवन सिंह लोधी 14 मई को अपनी पत्नी का इलाज कराने कटरा स्थित एक निजी डॉक्टर के पास पहुंचा था। बताया जा रहा है कि जीवन सिंह अपनी पत्नी को डॉक्टर के यहां छोड़कर और मोटरसाइकिल भी वहीं खड़ी कर शाम करीब 6 बजे पैदल कहीं चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन रातभर उसका कोई सुराग नहीं लग सका। अगली सुबह मृतक के भांजे नीलेश सिंह लोधी ने परिवार को सूचना दी कि कटरा बेलखेड़ा गांव स्थित शिव प्रसाद के खेत और कोटवार के खेत के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान जीवन सिंह लोधी के रूप में हुई । मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। युवक की गर्दन में चोट के निशान पाए गए हैं, वहीं बाईं आंख के पास काला निशान भी दिखाई दिया। इसके अलावा दाहिने हाथ में भी चोट के निशान मिले हैं। शरीर पर मिले इन निशानों के बाद परिजन मौत को संदिग्ध बता रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत हादसे में हुई या फिर उसके साथ कोई अप्रिय घटना हुई है। फिलहाल पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा। पाटन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अजय पाठक / मोनिका / 16 मई 2026 / 02.57