जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 2.1 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोजपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास एक महिला गांजा बेचने की गतिविधि में शामिल है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम मोंगरा बाई (34 वर्ष), निवासी ग्राम पिसौद, थाना जांजगीर बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 2.1 किलो गांजा और 450 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 मई 2026