जशपुर(ईएमएस)। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामजूनवानी खारापारा में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजू एक्का ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 मई को पत्नी का इलाज कराने बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी की इस घटना में घर से टुल्लू पंप, कांसे का लोटा, थाली, लगभग 30 किलो धान और नगद राशि चोरी हो गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध विजय मरावी, निवासी बतौली (जिला सरगुजा) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 मई 2026