राज्य
17-May-2026
...


जयपुर (ईएमएस)। अजमेर शहर को झीलों की नगरी के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए शहर की तीसरी बड़ी झील चौरसियावास तालाब के समग्र विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने चौरसियावास तालाब क्षेत्र का निरीक्षण कर विकास कार्यों की रूपरेखा का अवलोकन किया। देवनानी ने कहा कि आनासागर और वरूण सागर के बाद अब चौरसियावास तालाब का भी व्यापक कायाकल्प किया जाएगा। लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से तालाब क्षेत्र में सौन्दर्यीकरण, आकर्षक लाइटिंग एवं पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र शहरवासियों और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केन्द्र बनेगा।उन्होंने बताया कि तालाब की चारदीवारी को सुरक्षित एवं व्यवस्थित किया जाएगा तथा आसपास हुए अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही भी की जाएगी। इसके साथ ही झील के भराव क्षेत्र के चारों ओर स्पष्ट सीमा निर्धारित कर संरक्षित क्षेत्र विकसित किया जाएगा, ताकि भविष्य में जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सके। देवनानी ने कहा कि तालाब को इस तरह से विकसित किया जाएगा कि शहर और बाहर से आने वाले लोगों को आनासागर, वरूण सागर के बाद घूमने के लिए एक और विकल्प मिल सके। श्री देवनानी ने निर्देश दिए कि तालाब क्षेत्र के अतिक्रमण सख्ती से हटाए जाएं। यहां तालाब की मिट्टी निकाल कर गहरा किया जाए ताकि बोटिंग का विकल्प विकसित हो। इसके साथ ही गार्डन, लाइटिंग और वॉक वे के साथ ही छोटा कैफेटेरिया भी प्रस्तावित किया जाए। यहां पानी के भराव और निकास के लिए आवक-जावक के रास्ते भी विकसित किए जाएं। डेकोरेटिव लाइट, जेट फाउंटेन और अन्य सुविधाएं भी विकसित होंगी। - 5 बजे/ 17 मई 2026