फिरोजाबाद(ईएमएस) जिले के शिकोहाबाद में व्यापारियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने नीट परीक्षा पेपर लीक विवाद पर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में हुई धांधली को सरकार और परीक्षा कराने वाली एजेंसी दोनों ने स्वीकार किया है। इसके बाद सरकार ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले की जांच CBI को सौंप दी। CBI ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले की तह तक जाएगी और आगे ऐसी पुनरावृत्ति न हो इसके लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। जयवीर सिंह ने बताया कि छात्रों को राहत देने के लिए आगामी जून महीने में नीट परीक्षा बिना किसी शुल्क के कराई जाएगी। सम्मेलन में मंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। कहा कि सरकार पूरी तरह व्यापारियों के साथ खड़ी है। गुंडाराज और इंस्पेक्टर राज खत्म हो गया है। विपक्ष द्वारा मंत्रिमंडल विस्तार के एक सप्ताह बाद भी विभागों का आवंटन न होने पर उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि इसमें कोई बाध्यता नहीं है। सरकार के सभी काम चल रहे हैं। इसका कोई निश्चित समय नहीं होता, कभी भी आवंटन हो जाएगा। विपक्ष को इस पर चिंतित होने की जरूरत नहीं है। सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा किसी समाज पर की गई अभद्र टिप्पणी पर मंत्री ने कहा कि किसी को भी धर्म-जाति पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। जिसने भी ऐसा किया है उसे भुगतना होगा। FIR दर्ज हो चुकी है और कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि सपा का मूल चरित्र सब जानते हैं, स्थापना से लेकर अब तक उनका चाल, चरित्र और चेहरा कैसा रहा है यह किसी से छिपा नहीं है। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद