सिरोंज (ईएमएस)। क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच विद्युत विभाग की लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। ग्राम देवपुर फीडर के अंतर्गत आने वाले गांवों में बिजली की अघोषित कटौती ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। आलम यह है कि चिलचिलाती धूप और उमस के बीच घंटों बिजली गुल रहने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। रात 12 बजे से गायब रही बिजली स्थानीय निवासी रितेश शर्मा (ग्राम जैतपुर) ने बताया कि देवपुर फीडर की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। शनिवार रात लगभग 12 बजे से तड़के 3 बजे तक बिजली गायब रही, जिससे ग्रामीण चैन की नींद भी नहीं ले सके। बिजली कटौती का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका, आज सुबह 8 बजे से पुनः बिजली गुल है, जिससे दैनिक कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। विभाग के दावों की खुली पोल ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के आधिकारिक ग्रुप में सूचना दी गई थी कि दोपहर 2:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी फीडर पर बिजली का कोई अता-पता नहीं है। विभाग की इस कार्यप्रणाली से आसपास के सभी ग्रामवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। विधायक से हस्तक्षेप की मांग परेशान ग्रामीणों ने अब क्षेत्रीय विधायक से इस मामले में हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि: एक ओर पारा 40 डिग्री के पार जा रहा है, दूसरी ओर बिजली विभाग की मनमानी जारी है। विधायक उमाकांत शर्मा से ग्रामीणों ने देवपुर फीडर की इस बदहाली पर ध्यान देंकर और हमें इस भीषण समस्या से निजात दिलाने की मांग की। ईएमएस/सलमान खान/ 17 मई 20226