क्षेत्रीय
17-May-2026
...


जगदलपुर (ईएमएस)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र पेट्रोल-डीजल की किल्लत के बीच एक पेट्रोल पंप के मैनेजर से बाइक में सिर्फ 200 रुपए का पेट्रोल डालने पर युवक ने नाराजगी जताई। जिसके बाद पंप के मैनेजर से बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने अपने दोस्तों को बुलाकर मैनेजर को पीट डाला। वहीं पुलिस ने 5 आराेपियाें को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के एयरपोर्ट मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप में अतिरिक्त पेट्रोल देने से इनकार करने पर यह विवाद हुआ । पेट्रोल पंप संचालकों ने पेट्रोल की किल्लत देखते हुए प्रति बाइक 200 रुपए का पेट्रोल डालने का स्वतः ही निर्णय ले लिया था। वहीं जब एक युवक पेट्रोल डलवाने पहुंचा तो वो बाइक का टैंक फूल करवाना चाह रहा था। लेकिन मैनेजर ने 200 रुपए से ज्यादा का पेट्रोल डालने से मना कर दिया था। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ा। जिसके बाद युवक वहां से चला गया, कुछ देर बाद अपने अन्य साथियों को लेकर पहुंचा। करीब 5 से 7 युवकों ने मिलकर मैनेजर अंकित अग्रवाल की बेदम पिटाई कर दी। वहीं मैनेजर ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर इस मामले की लिखित शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया और 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने कहा कि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। घटना की जानकारी मिलते ही एक घंटे से भी कम समय में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुधीर जैन /चंद्राकर/17 मई 2026