:: वीरता, खेल, कला-संस्कृति और विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मिलेगा सम्मान – 31 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन :: इंदौर (ईएमएस)। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार वर्ष 2026 के लिए चयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया पिछले माह 1 अप्रैल से ही जारी है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन भारतीय बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज को गौरवान्वित किया हो। इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए पात्रता अनुसार, 18 वर्ष से कम आयु के प्रतिभाशाली बच्चे अपना नामांकन या आवेदन सीधे आधिकारिक माध्यम से ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। विभाग द्वारा इस संबंध में विस्तृत गाइडलाइन और नियमों की जानकारी के लिए आधिकारिक पोर्टल का अवलोकन करने की सलाह दी गई है। :: इन क्षेत्रों में हुनर दिखाने वाले बच्चों को मिलेगा मौका :: यह प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार मुख्य रूप से छह विशिष्ट श्रेणियों में बच्चों की असाधारण प्रतिभा और अद्वितीय साहस को रेखांकित करने के लिए दिया जाता है। इसमें वीरता (बहादुरी), समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेलकूद, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले बच्चे पुरस्कार के लिए पात्र माने जाएंगे। इंदौर जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र, होनहार और प्रतिभाशाली बच्चों से इस अवसर का लाभ उठाने का आव्हान किया है। प्रशासन का प्रयास है कि जिले के अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन राष्ट्रीय स्तर पर सुनिश्चित किया जा सके, ताकि उनकी अद्वितीय उपलब्धियों को देश पटल पर एक नई और विशिष्ट पहचान मिल सके। प्रकाश/17 मई 2026