राज्य
17-May-2026
...


:: अमृत योजना पैकेज-2 के तहत 107 करोड़ की लागत से बन रहा है 40 एमएलडी का एसटीपी, शहर के कई क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का भी लिया जायजा :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर नगर निगम के आयुक्त क्षितिज सिंघल ने विकास कार्यों को समय पर पूरा करने और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए मैदानी मोर्चा संभाला। आयुक्त सिंघल ने टिगरिया बादशाह में बन रहे 40 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), टिगरिया रोड पर चल रहे ड्रेनेज लाइन कार्य सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त आशीष पाठक, कार्यपालन यंत्री अश्विन जनवदे, सहायक यंत्री आकाश जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे। निगमायुक्त ने अमृत योजना पैकेज-2 के अंतर्गत बजरंग नगर पुलिया और टिगरिया बादशाह क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने 107 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से आकार ले रहे 40 एमएलडी एसटीपी निर्माण और ड्रेनेज लाइन कार्य की समीक्षा करते हुए साफ निर्देश दिए कि पूरा प्रोजेक्ट निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूर्ण किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। :: इन क्षेत्रों को मिलेगा सीवर लाइन का लाभ, तालाब में जाएगा साफ पानी :: अमृत 2 योजना के अंतर्गत योजना क्रमांक 166 में 40 एमएलडी क्षमता के इस अत्याधुनिक एसटीपी निर्माण के साथ-साथ गांधी नगर, नंद बाग, छोटा बांगड़दा और टिगरिया क्षेत्र में भी तेजी से सीवर लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। इस प्लांट की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि एसटीपी से निकलने वाले ट्रीटेड (शोधित) वाटर को पूरी तरह साफ करके टिगरिया बादशाह तालाब में छोड़ा जाना प्रस्तावित है, जिससे जलस्रोतों का संरक्षण हो सकेगा। :: विभिन्न चौराहों व मार्गों की सफाई जांची :: एसटीपी के निरीक्षण के अलावा निगमायुक्त ने शहर के मध्य और बाहरी क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का भी बारिकी से अवलोकन किया। उन्होंने छावनी, मधुमिलन चौराहा, आरएनटी मार्ग, राजकुमार ब्रिज, मरीमाता चौराहा, किला मैदान रोड, बड़ा गणपति रोड, संगम नगर, कुशवाह नगर, बांगड़दा रोड, टिगरिया बादशाह, रिवर साइड रोड, किशनपुरा एवं छतरी क्षेत्र का दौरा किया और मैदानी अमले को सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। :: किशनपुरा छतरी की सफाई व्यवस्था पर जताई संतुष्टि :: इस पूरे दौरै के दौरान इंदौर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर किशनपुरा छतरी परिसर की सफाई व्यवस्था बेहद शानदार मिली। निगमायुक्त ने वहां के रखरखाव और स्वच्छता के स्तर को संतोषजनक पाते हुए संबंधित अमले के कार्यों की सराहना की। प्रकाश/17 मई 2026