- एस-400 भी नहीं कर पाया बचाव मॉस्को,(ईएमएस)। यूक्रेन और रूस के बीच चल रहा युद्ध एक बार फिर बेहद हिंसक मोड़ पर पहुंच गया है। पिछले सप्ताह रूस द्वारा किए गए भीषण हमलों का बदला लेते हुए यूक्रेन ने रविवार रात रूसी राजधानी मॉस्को और उसके आसपास के इलाकों पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया है। यूक्रेन ने एक ही रात में 500 से अधिक ड्रोन दागकर स्वार्म अटैक (झुंड हमला) किया। इस रणनीति का मुख्य उद्देश्य रूस के मजबूत माने जाने वाले एस-400 और पैंटसिर जैसे आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह व्यस्त और ओवरलोड करना था। पिछले एक साल में मॉस्को पर हुआ यह सबसे भयानक हमला है, जिसमें एक भारतीय नागरिक सहित कम से कम तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हमला इसी हफ्ते रूस द्वारा यूक्रेन की राजधानी कीव पर किए गए उन हमलों के जवाब में देखा जा रहा है, जिसमें 25 लोगों की जान चली गई थी और रूस ने 24 घंटे में करीब 800 ड्रोन दागे थे। यूक्रेन के इस ताजा पलटवार में मॉस्को के उत्तर-पश्चिम में स्थित खिमकी शहर में एक ड्रोन रिहायशी घर पर गिर गया, जिससे एक महिला की मौत हो गई। वहीं, उत्तर-पूर्वी इलाके मितिशी में एक निर्माणाधीन मकान पर ड्रोन का मलबा गिरने से दो लोगों की जान चली गई। रूस में स्थित भारतीय दूतावास ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि इस हमले की चपेट में आने से एक भारतीय नागरिक की भी मौत हुई है, जबकि तीन अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। मॉस्को के मेयर के अनुसार, इस हमले में तेल रिफाइनरी के मजदूरों सहित कुल 12 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन की सुरक्षा एजेंसी ने दावा किया है कि इस अभियान के तहत मॉस्को क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया गया। इनमें तेल पंपिंग स्टेशन, एक बड़ी तेल रिफाइनरी और सैन्य उद्योग को सेमीकंडक्टर की आपूर्ति करने वाला बेहद महत्वपूर्ण एंगस्ट्रॉम प्लांट शामिल था। दूसरी तरफ, रूस के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि उनके रक्षा तंत्र ने रातभर में 556 यूक्रेनी ड्रोनों को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया, जिनमें से 120 से अधिक ड्रोनों को मॉस्को की सीमा में घुसने से पहले ही मार गिराया गया। इस दौरान कुछ ड्रोन के अवशेष मॉस्को के सबसे व्यस्त शेरमेत्येवो एयरपोर्ट परिसर में भी गिरे, हालांकि वहां किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। इस हमले के बाद यूक्रेन के एक सैन्य अधिकारी ने मॉस्को के नागरिकों को चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी शांत जिंदगी का दौर अब खत्म हो चुका है। इसके जवाब में रूस ने भी पलटवार करते हुए यूक्रेन पर 287 ड्रोन दागे हैं, जिससे वहां नौ लोग घायल हुए हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/18मई 2026