वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर अपना रुख और सख्त करते हुए साफ चेतावनी दी है कि यदि तेहरान ने परमाणु कार्यक्रम पर एक बेहतर समझौता (डील) नहीं दिया, तो उस पर पहले से भी ज्यादा जोरदार सैन्य हमला किया जाएगा। ट्रंप ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि घड़ी तेजी से चल रही है और ईरान को तुरंत फैसला लेना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि अमेरिका समझौता करना चाहता है, लेकिन ईरान वह बात नहीं कर रहा जो जरूरी है। अगर उन्होंने जल्द कदम नहीं उठाया, तो उनके पास कुछ भी नहीं बचेगा। ट्रंप की इस धमकी के बीच ही संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के न्यूक्लियर प्लांट के पास ड्रोन हमले और सऊदी अरब द्वारा तीन ड्रोन मार गिराने की खबरें भी सामने आई हैं। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, ट्रंप प्रशासन एक तरफ युद्ध टालने के लिए डील चाहता है, लेकिन ईरान की ओर से न्यूक्लियर प्रोग्राम पर कोई ठोस रियायत न मिलने के कारण सैन्य विकल्प फिर से सामने आ गया है। इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच राष्ट्रपति ट्रंप मंगलवार को सिचुएशन रूम में अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। इस बैठक में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो, सीआईए निदेशक जॉन रैटक्लिफ और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ शामिल होंगे। इससे पहले ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी फोन पर बात कर ईरान के हालातों पर विस्तृत चर्चा की है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि ईरान ने अपनी नीतियों में बदलाव नहीं किया, तो पश्चिम एशिया में सैन्य टकराव का बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। वीरेंद्र/ईएमएस/18मई 2026