अंतर्राष्ट्रीय
18-May-2026


-पूरे इलाके में छाया काला धुंआ, चारों क्रू मेंबर्स सुरक्षित बचकर निकले वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के इडाहो राज्य में माउंटेन होम एयरफोर्स बैस में आयोजित एयर शो के दौरान बड़ा हादसा हुआ। यहां एक इवेंट के दौरान करतब दिखा रहे दो अमेरिकी ईए-18जी ग्रोवलर लड़ाकू विमान अचानक हवा में एक-दूसरे से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों विमानों के टुकड़े आसमान में बिखर गए और इलाके में काला धुआं छा गया। घटना के तुरंत बाद पूरे एयरबेस को लॉकडाउन कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ, जब एयर शो में दोनों फाइटर जेट्स बेहद कम दूरी पर उड़ान भर रहे थे। टक्कर के बाद विमान एयरबेस से करीब दो मील दूर जाकर गिरे। हादसे के बाद मौके पर तुरंत फायर और रेस्क्यू टीमें पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त हुए दोनों विमान ईए-18जी ग्रोवलर मॉडल के थे, जिन्हें अमेरिकी नौसेना इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर मिशन के लिए इस्तेमाल करती है। ये विमान प्रसिद्ध एफ/ए-18 सुपर हॉर्नेट का एडवांस वर्जन माने जाते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इस बड़े हादसे के बीच राहत की खबर यह रही कि दोनों विमानों में मौजूद चारों क्रू मेंबर्स सुरक्षित बच गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि टक्कर के कुछ सेकंड बाद आसमान में चार पैराशूट खुलते नजर आए। अधिकारियों ने पुष्टि की कि सभी पायलट समय रहते इजेक्ट करने में सफल रहे और वह सुरक्षित बाहर निकल आए। बता दें एयर शो करीब आठ साल बाद आयोजित किया जा रहा था। आयोजक पिछले दो सालों से इसकी तैयारी कर रहे थे, लेकिन इस दुर्घटना ने पूरे आयोजन का माहौल बदल दिया है। इस एयरबेस पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। साल 2018 में यहां एक हैंग ग्लाइडर दुर्घटना में पायलट की मौत हो गई थी, जबकि 2003 में एक जेट भी क्रैश हुआ था। उस समय भी पायलट ने समय रहते इजेक्ट कर अपनी जान बचाई थी। सिराज/ईएमएस 18मई26